Site icon Amar Gatha

राजेंद्र मिश्र महाविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. इंद्र कांत झा को नई जिम्मेदारी, बने अर्थपाल, शिक्षकों में खुशी

सहरसा, (अमर गाथा)। राजेंद्र मिश्र महाविद्यालय, सहरसा में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में एक अहम निर्णय लेते हुए गणित विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. इंद्र कांत झा को महाविद्यालय का अर्थपाल नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति को लेकर महाविद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल है।
महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो.(डॉ.) गुलरेज़ रौशन रहमान ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी करते हुए डॉ. झा को नई जिम्मेदारी सौंपी। साथ ही इसकी प्रतिलिपि विश्वविद्यालय प्रशासन को भी सूचनार्थ भेज दी गई है। डॉ. इंद्र कांत झा लंबे समय से महाविद्यालय में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वे अपने अनुशासन, कार्यकुशलता और शांत स्वभाव के लिए शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के बीच विशेष पहचान रखते हैं। महाविद्यालय परिवार का मानना है कि उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता से संस्थान की वित्तीय एवं प्रशासनिक व्यवस्था को नई गति मिलेगी।
इधर, उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही शिक्षकों, कर्मियों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। महाविद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि डॉ. झा अपनी नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ करेंगे।

Exit mobile version