May 27, 2026

Amar Gatha

Aapki Awaj, Hamare Sath

पूर्व विधायक प्रत्याशी ई. नवीन कुमार निषाद ने सरकार से आपदा प्रभावित परिवारों के लिए व्यापक सहायता की मांग की

अमर गाथा संवाददाता, उदाकिशुनगंज। आलमनगर विधानसभा क्षेत्र (70) में हाल ही में आई आंधी-तूफ़ान और प्राकृतिक आपदा से भारी तबाही मची है। ऐसे विकट समय में लालू-तेजस्वी आपदा राहत जनसेवा सामग्री का वितरण लगातार जारी है। पूर्व विधायक प्रत्याशी ई. नवीन कुमार निषाद कई दिनों से प्रभावित इलाकों का दौरा कर खुद राहत सामग्री जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचा रहे हैं। राहत वितरण के दौरान ई. निषाद ने कहा, “हम बिहार सरकार से मांग करते हैं कि प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण (एरियल सर्वे) तत्काल कराया जाए ताकि एक भी पीड़ित परिवार सरकारी सहायता से वंचित न रह जाए। सरकार को किसी भी राजनीतिक दबाव में आए बिना पारदर्शिता के साथ राहत वितरण की प्रक्रिया सुनिश्चित करनी चाहिए।”

उन्होंने आगे सरकार से कई अहम मांगें भी रखीं —

आपदा प्रभावित परिवारों को सरकारी मानक (क्राइटेरिया) के अनुसार तत्काल ₹12000 की प्रारंभिक राहत राशि दी जाए। सभी पात्र परिवारों को आपदा पुनर्वास योजना के तहत ₹1.5 लाख (डेढ़ लाख) मुआवजा राशि प्रदान की जाए ताकि वे अपने घरों का पुनर्निर्माण कर सकें। जब तक सभी पीड़ित परिवारों के रैन बसेरा (आवास) का निर्माण पूर्ण नहीं हो जाता, तब तक सरकार द्वारा सार्वजनिक रसोई (कम्युनिटी किचन) चालू रखी जाए।
आलमनगर विधानसभा क्षेत्र के सभी प्रभावित इलाकों में राहत और पुनर्वास कार्यों की पूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन ले और किसी भी तरह की कमी नहीं रहने दे। जिला प्रशासन बिना किसी राजनीतिक दबाव के हवाई सर्वेक्षण कराकर वास्तविक क्षति का आकलन करे और उसी के अनुरूप सभी प्रभावित परिवारों को मुआवजा राशि उपलब्ध कराए। ई. निषाद ने कहा कि यह समय राजनीति का नहीं बल्कि मानवीय संवेदनाओं के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़े होने का है। सरकार को चाहिए कि वह हर संभव सहायता समय पर उपलब्ध कराए और राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाए।