May 27, 2026

Amar Gatha

Aapki Awaj, Hamare Sath

कोसी नदी में डूबने से आठ वर्षीय बच्चे की मौत

भागलपुर : जिला बिहपुर प्रखंड अंतर्गत हरियों पंचायत के गोबिंदपुर मुसहरी गांव में बुधवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के ही निवासी ज्योतिष ऋषिदेव का आठ वर्षीय पुत्र सत्यम कुमार उर्फ सत्तो खेलने के दौरान अचानक कोशी नदी में डूब गया। मासूम के डूबने की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के सदस्य और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और अपनी ओर से बच्चे की तलाश शुरू की, लेकिन गहरे पानी और तेज बहाव के कारण उसका कोई पता नहीं चल सका।स्थानीय ग्रामीणों ने इस घटना की जानकारी बिहपुर विधायक इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार को दी। सूचना मिलते ही विधायक ने प्रशासनिक स्तर पर तत्काल पहल की और एनडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाने का निर्देश दिया। गुरुवार की सुबह एनडीआरएफ की टीम ने स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद सत्यम का शव नदी से बरामद किया गया।शव मिलने की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव के लोग परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे। बताया जाता है,कि सत्यम अपने दोस्तों के साथ नदी किनारे खेलने गया था। खेलते-खेलते वह नदी के किनारे बने एक गड्ढे में फिसल गया और गहरे पानी में चला गया। अन्य बच्चे शोर मचाते हुए गांव की ओर भागे और लोगों को सूचना दी, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।सूचना मिलते ही नदी थाना अध्यक्ष केशवचंन्द्रा दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। थाना अध्यक्ष ने बताया कि एनडीआरएफ की मदद से शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के उपरांत शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं विधायक इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार ने इस घटना पर गहरा शोक जताते हुए कहा कि एक मासूम बच्चे की असामयिक मृत्यु अत्यंत दुखद है। मैं परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और प्रशासनिक स्तर पर हर संभव मदद दिलाई जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि कोशी नदी का जलस्तर इन दिनों बढ़ा हुआ है, जिसके कारण किनारे पर बने गड्ढों में गहराई बढ़ गई है। बच्चों और मवेशियों के नदी किनारे जाने पर रोक नहीं होने से दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। घटना के बाद पूरे गोबिंदपुर मुसहरी गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हर कोई सत्तो की मासूम मुस्कान को याद कर भावुक हो उठा। परिजनों ने कहा कि सत्तो बहुत ही होनहार और मिलनसार बच्चा था। वहीं नदी थाना पुलिस ने कहा कि घटना की संपूर्ण रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है।