June 17, 2026

Amar Gatha

Aapki Awaj, Hamare Sath

जिला परिषद की सामान्य बैठक संपन्न, विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा एवं जनहित के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा

अमर गाथा संवाददाता/सुनील कुमार, नवादा। गुरुवार को जिला परिषद सभाकक्ष, नवादा में जिला परिषद की सामान्य बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्षा पुष्पा देवी ने की। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक की शुरुआत में शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, पेयजल आपूर्ति, कृषि, पशुपालन, मत्स्य, विद्युत, सड़क निर्माण, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, बाल विकास परियोजना सहित अन्य योजनाओं की अद्यतन स्थिति की विभागवार समीक्षा की गई। संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन की वर्तमान स्थिति से सदन को अवगत कराया। इसके बाद जिला परिषद सदस्यों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्य, आधारभूत संरचना, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा अन्य जनसुविधाओं से संबंधित मुद्दे उठाए। जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराने, पेयजल एवं सड़क की समस्याओं के समाधान तथा सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से आच्छादित करने पर बल दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद नीलिमा साहू ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जिला परिषद सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों एवं जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। विकास कार्यों की नियमित निगरानी, क्षेत्रीय निरीक्षण तथा आपसी समन्वय से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए, ताकि आम जनता को अपेक्षित लाभ मिल सके। उप विकास आयुक्त ने कहा कि जिला परिषद स्थानीय विकास की महत्वपूर्ण इकाई है और जनप्रतिनिधियों के सुझावों से योजनाओं को धरातल पर और बेहतर तरीके से उतारा जा सकता है। उन्होंने सभी विभागों को बैठक में लिए गए निर्णयों एवं निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में विधायक रजौली विमल राजवंशी, विधान पार्षद अशोक यादव, जिला परिषद उपाध्यक्षा निशा कुमारी, जिला परिषद के सभी माननीय सदस्य, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।