September 13, 2026

Amar Gatha

Aapki Awaj, Hamare Sath

सर्पदंश से युवक की मौत, छह माह पहले हुई थी शादी, गर्भवती पत्नी पर टूटा दुखों का पहाड़

अमर गाथा संवाददाता/दिनेश कुमार पिंकू, रजौली(नवादा)। प्रखंड क्षेत्र के हरदिया सिंगर गांव में सर्पदंश से 19 वर्षीय युवक रंजीत राजवंशी की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक गांव निवासी प्रदीप राजवंशी का पुत्र था।
परिजनों के अनुसार मंगलवार की रात रंजीत अपने घर में सोया हुआ था। इसी दौरान किसी विषैले सांप ने उसे डंस लिया। रात में उसकी तबीयत बिगड़ती रही, लेकिन परिजन यह समझ नहीं सके कि उसे सांप ने काट लिया है। पूरी रात असमंजस की स्थिति बनी रही और घरवालों ने सामान्य बीमारी समझकर घरेलू स्तर पर देखभाल की।
बुधवार सुबह जब उसकी हालत और गंभीर हुई तो ग्रामीण ओझा को बुलाया गया। युवक की स्थिति देखकर ओझा ने झाड़-फूंक करने के बजाय सर्पदंश की आशंका जताई और तत्काल अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन आनन-फानन में उसे अनुमंडल अस्पताल रजौली लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि रंजीत की शादी महज छह महीने पहले हुई थी। उसकी पत्नी गर्भवती है। आने वाले बच्चे के जन्म से पहले ही उसके सिर से पिता का साया उठ गया। युवक की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।