July 30, 2026

Amar Gatha

Aapki Awaj, Hamare Sath

मुंबई में ‘कंटेंट क्वीन’ से मिले हाजी शकील सैफी, बिहार में ‘सैफी फिल्म सिटी’ के सपने पर हुई खास चर्चा

मुंबई। वर्ल्ड पीस हार्मोनी के चेयरमैन हाजी शकील सैफी ने मुंबई में श्री बालाजी टेलीफिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड की चेयरमैन एकता कपूर से शिष्टाचार मुलाकात कर बिहार में फिल्म उद्योग के विकास को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की। इस दौरान सैफी ने एकता कपूर को अपनी बहन बताते हुए आत्मीय अंदाज में बिहार दौरे और वहां की सांस्कृतिक, सामाजिक एवं विकासात्मक संभावनाओं से अवगत कराया।
मुलाकात के दौरान बिहार में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त ‘सैफी फिल्म सिटी’ के निर्माण के प्रस्ताव पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। हाजी शकील सैफी ने कहा कि उनका उद्देश्य बिहार की प्रतिभाओं को अपने ही राज्य में विश्वस्तरीय मंच उपलब्ध कराना है, ताकि कलाकारों और तकनीशियनों को बेहतर अवसर मिल सकें और फिल्म उद्योग को नई दिशा मिले।
उन्होंने विश्वास जताया कि यदि यह महत्वाकांक्षी परियोजना साकार होती है तो बिहार फिल्म निर्माण, वेब सीरीज, टीवी प्रोडक्शन और डिजिटल कंटेंट का उभरता हुआ केंद्र बन सकता है। इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे और राज्य की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और दोनों पक्षों ने रचनात्मक सहयोग की संभावनाओं पर सकारात्मक चर्चा की। यह बैठक बिहार में फिल्म उद्योग के भविष्य को लेकर नई उम्मीदों का संदेश देने वाली मानी जा रही है।