
अकबरनगर, अमर गाथा। भागलपुर से अप लाइन पर जमालपुर की ओर जा रही 53403 रामपुरहाट-गया पैसेंजर ट्रेन में रविवार की शाम अकबरनगर रेलवे स्टेशन पर ब्रेक बाइंडिंग के कारण आग लग गई। ट्रेन करीब दो घंटे विलंब से शाम 5:18 बजे स्टेशन पहुंची थी। ट्रेन के एक बोगी के नीचे से अचानक धुआं और चिंगारी निकलने लगी। देखते ही देखते आग की लपटें दिखाई देने लगीं, जिससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग यात्री ट्रेन से उतरकर इधर-उधर भागने लगे। कई यात्री जल्दबाजी में अपना बैग, झोला, पर्स और चप्पल तक ट्रेन में छोड़कर नीचे उतर गए। ट्रेन में काफी भीड़ होने के कारण स्टेशन पर कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही चालक, गार्ड और रेलकर्मी सक्रिय हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। समय रहते ट्रेन रोक दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। तकनीकी जांच के बाद ट्रेन को शाम 5:28 बजे आगे के लिए रवाना किया गया। स्टेशन प्रबंधक देवेश कुमार ने बताया कि ब्रेक बाइंडिंग के कारण धुआं और आग की स्थिति बनी थी, जिसे तत्काल नियंत्रित कर लिया गया।

More Stories
राजेंद्र मिश्र महाविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. इंद्र कांत झा को नई जिम्मेदारी, बने अर्थपाल, शिक्षकों में खुशी
सरकारी दावों की खुली पोल,चमचमाते सूचना पट्टों के बीच बदहाली के आंसू रोती रजौली की ग्रामीण सड़कें
उदाकिशुनगंज में एनएच 106 की मरम्मत से लोगों को मिली राहत