
अमर गाथा संवाददाता/सुनील कुमार, नवादा। गया-नवादा रोड पर नकटी पुल के समीप स्थित एक मोबाइल शॉप में विद्युत शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। इस हादसे में दुकान में रखे 2 लाख रुपये नकद, लैपटॉप, प्रिंटर, सैमसंग और वीवो कंपनी के दर्जनों मोबाइल समेत करीब 5 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई।
स्थानीय दुकानदारों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने पहले बिजली आपूर्ति बंद कराई और फिर पानी का फव्वारा मारकर आग पर काबू पाया।
दुकानदार रवि शंकर कुमार ने रोते हुए बताया कि उनकी पूरी दुकान जलकर खाक हो गई है। उन्होंने फायर ब्रिगेड अधिकारी को लिखित आवेदन देकर नुकसान का ब्योरा सौंपा है। रवि शंकर ने जिला प्रशासन, आपदा विभाग और बिजली विभाग से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।
बताया गया कि दुकान में आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम के तहत जमा-निकासी का काम भी होता था। गल्ले में रखे करीब 1 लाख रुपये के 500-500 के नोट भी जल गए। फायर ब्रिगेड की टीम ने जले हुए नोटों की फोटो और वीडियोग्राफी की है और बैंक के माध्यम से उन्हें बदलवाने का आश्वासन दिया है।
दुकानदार ने नवादा के जिला पदाधिकारी और आपदा विभाग से शॉर्ट सर्किट से हुई आर्थिक क्षति की भरपाई करने की मांग की है।

More Stories
महर्षि संतसेवी परमहंस जी महाराज के महापरिनिर्वाण दिवस पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
जिला परिषद की सामान्य बैठक संपन्न, विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा एवं जनहित के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा
सर्पदंश से युवक की मौत, छह माह पहले हुई थी शादी, गर्भवती पत्नी पर टूटा दुखों का पहाड़