May 27, 2026

Amar Gatha

Aapki Awaj, Hamare Sath

उदाकिशुनगंज में एनएच 106 की मरम्मत से लोगों को मिली राहत

संजीव कश्यप (अमरगाथा संवाददाता), उदाकिशुनगंज/मधेपुरा । उदाकिशुनगंज अनुमंडल मुख्यालय के कॉलेज चौक से होकर पटेल चौक की ओर जाने वाली एनएच 106 सड़क में दरार आने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और खराब होने लगी थी, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई थी। इसी को देखते हुए मेंटेनेंस विभाग द्वारा सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। विभागीय कर्मियों द्वारा दरार वाले हिस्से को भरकर सड़क को दुरुस्त किया जा रहा है, ताकि लोगों को आने-जाने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
स्थानीय लोगों ने बताया कि समय रहते सड़क की मरम्मत होने से बड़ी परेशानी टल गई है। खासकर बारिश के दिनों में सड़क टूटने से वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को काफी दिक्कत होती थी। लोगों ने बरसात के बीच भी सड़क मरम्मत कार्य कराने के लिए मेंटेनेंस विभाग की सराहना की है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क ठीक होने से आवागमन सुगम होगा और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी। जनहित के लिए यह काम अतिआवश्यक था।